मिश्रित में डब्ल्यूईसी उपकेंद्र का हुआ शुभारंभ

सीतापुर संदेश महल समाचार

जी.आर.सी. नैमिष के अंतर्गत संचालित महिला सशक्तिकरण केंद्र (WEC) के अटवा स्थित उपकेंद्र को स्थानांतरित कर अब मिश्रित पांडे नगर बाजार में स्थापित किया गया है। रविवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मिश्रित नगर पालिका परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि अजय भार्गव ने दीप प्रज्वलन एवं नारियल फोड़कर केंद्र का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर श्री भार्गव ने कहा कि एकल ग्रामोत्थान के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को सिलाई जैसे रोजगारपरक कार्यों से जोड़ना उनके सामाजिक और आर्थिक उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

पी-4 जोन के जोनल समन्वयक अशोक ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं शिलाई जैसे कौशल सीखकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि आज महिला सशक्तिकरण केवल नारा नहीं, बल्कि समाज सुधार का वास्तविक माध्यम बन चुका है।

समाजसेवी पियूष बिहारी मिश्रा ने एकल ग्रामोत्थान की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संगठन ग्रामीण महिलाओं के जीवन में परिवर्तन लाने का कार्य कर रहा है।
वहीं समाजसेवी एवं समिति उपाध्यक्ष डॉ. सागर ने बताया कि संस्था द्वारा शीघ्र ही महिलाओं के लिए ब्यूटीशियन कोर्स भी प्रारंभ किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ सकें।

कार्यक्रम में जी.आर.सी. अध्यक्ष सुधीर सिंह, डॉ. सागर, नागेन्द्र सिंह, अभय चौरसिया, जी.आर.सी. इंचार्ज सुधीर चौधरी, रामेन्द्र, सुनीता, दुर्गेश सहित बड़ी संख्या में समिति पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन महिला कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया और अंत में सभी ने महिला सशक्तिकरण के अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।